छत्तीसगढ़

सुकमा में नक्सलियों का खुफिया विस्फोटक जखीरा बरामद, सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता

कोबरा, बस्तर बटालियन और जिला बल की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक, हथियार और आयरन सामग्री जब्त

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। मेट्टागुड़ा कैंप से रवाना हुई जवानों की टीम ने नक्सलियों के एक खुफिया डंप का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, देसी हथियार और तकनीकी उपकरण जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर 203 कोबरा बटालियन, 241वीं बस्तर बटालियन (सीआरपीएफ) और जिला बल की संयुक्त टीम ग्राम बोटेलंका, ईरापल्ली, कोईमेंटा पहाड़ी, दारेली और आसपास के क्षेत्रों में अभियान के लिए रवाना हुई थी। अभियान के दौरान कोईमेंटा पहाड़ी पर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप बरामद किया गया।

बरामद सामग्री में कंट्रीमेड रायफल, बीजीएल लॉन्चर और उसका बैरल, यूएवी ‘नेत्रा’ का टूटा प्रोपेलर, वेल्डिंग उपकरण, स्टील पाइप, बैंच वाइस, इलेक्ट्रिक होल्डर, भारी मात्रा में लोहे की छड़ें, बेस प्लेट, पोल एंगलर, आयरन क्लैंप्स और अन्य तकनीकी सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा काले रंग की नक्सली वर्दी, एम्युनेशन पाउच, इन्वर्टर की टूटी बैटरी, करीब 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और एक्सटेंशन बोर्ड भी जब्त किया गया।

बरामद सामान यह दर्शाता है कि नक्सली किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे। सुरक्षाबलों की सतर्कता और सटीक कार्रवाई से न केवल एक बड़ी घटना को टाल दिया गया, बल्कि नक्सल गतिविधियों को करारा झटका भी दिया गया है।

सुरक्षा एजेंसियां अब बरामद सामग्रियों की तकनीकी जांच कर आगे की रणनीति पर काम कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button