अंधविश्वास बना खूनी खेल… जादू-टोने के शक में एक ही परिवार का सफाया, झारखंड में ट्रिपल मर्डर से दहशत
पड़ोसी पर ‘डायन-बिसाही’ का आरोप, धारदार हथियार से हमला—पति, पत्नी और बेटे की मौत

पलामू (झारखंड)।
झारखंड के पलामू जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहर पंचायत के कुसड़ी गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह खौफनाक वारदात अंधविश्वास की आग में सुलगते शक का नतीजा है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात महेशी भुईयां की बीमारी के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद उनके बेटों रबींद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां ने पिता की मौत के लिए पड़ोसी विजय भुईयां को जिम्मेदार ठहराया और उस पर ओझा-गुनी व जादू-टोना (डायन बिसाही) करने का आरोप लगाने लगे।
आरोप है कि इसी शक के चलते दोनों भाई धारदार हथियार लेकर विजय भुईयां के घर पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में विजय भुईयां (उम्र करीब 45 वर्ष), उनकी पत्नी और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
इस खूनखराबे में एक नाबालिग युवती और एक अन्य महिला नीतू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह घटना अंधविश्वास के खतरनाक परिणाम को उजागर करती है। मामले की गहन जांच जारी है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


