ना लग्जरी कार, ना DJ का शोर… बैलगाड़ी पर निकली बारात, दूल्हे ने शादी में दिया ऐसा संदेश कि हर कोई रह गया हैरान

नारायणपुर। आज के दौर में जहां शादियों में करोड़ों की चमक-दमक और दिखावे की होड़ लगी रहती है, वहीं छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में हुई एक शादी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां दूल्हा लग्जरी कार या घोड़ी पर नहीं, बल्कि बैलगाड़ी पर सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचा। यह अनोखी बारात अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
दरअसल, जिला पुलिस बल में पदस्थ जवान कुबेर देहारी ने अपनी शादी को पूरी तरह सादगी और परंपरा से जोड़ते हुए खास अंदाज में संपन्न किया। नारायणपुर के डूमर तराई गांव में जब लोग सजे-धजे दूल्हे को बैलगाड़ी पर बारात निकालते देखे, तो हर कोई हैरान रह गया। लेकिन इसके पीछे की वजह जानकर लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की।
कुबेर देहारी ने बताया कि उनका मकसद सिर्फ शादी करना नहीं था, बल्कि समाज को एक बड़ा संदेश देना भी था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के सादगी और ईंधन बचाने के संदेश से प्रेरित होकर उन्होंने यह फैसला लिया। उनका मानना है कि शादी जैसे समारोहों में फिजूलखर्ची और दिखावे को कम कर लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ना चाहिए।
इस शादी की खास बात सिर्फ बैलगाड़ी नहीं रही, बल्कि पूरा आयोजन पारंपरिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से किया गया। मंडप को नारियल, सल्फी, छिंद और जामुन के पत्तों से सजाया गया। वहीं सूप, टोकनी और मिट्टी के बर्तनों का उपयोग कर हल्बा जनजाति की संस्कृति को भी खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि आधुनिक दौर में इस तरह की शादी बहुत कम देखने को मिलती है। यही वजह है कि यह अनोखी बारात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सादगी, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती यह शादी अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।


