छत्तीसगढ़

अब राशन लेने के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन! छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ऐसा ‘ग्रेन ATM’, चंद सेकंड में मिलेगा अनाज

रायपुर, 8 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और आधुनिक, पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। बिलासपुर के सरकंडा में ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। खास बात यह है कि अब राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न लेने के लिए पारंपरिक तरीके से लंबा इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि तकनीक की मदद से कुछ ही सेकंड में निर्धारित मात्रा का राशन प्राप्त किया जा सकेगा।

इस पहल को संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से राज्य शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने शुरू किया है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

राशन वितरण में बड़ा बदलाव, मशीन से मिलेगा अनाज

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को आम जनता को समर्पित करते हुए इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और सुगम सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। मशीन को लेकर लोगों में खासा उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। कार्यक्रम में मशीन के जरिए खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया।

कैसे काम करेगा अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम?

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम से राशन लेने की प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है। इसके लिए हितग्राही को मशीन के सामने निर्धारित स्थान पर खड़े होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण यानी फिंगरप्रिंट देना होगा।

इसके बाद मशीन की स्क्रीन पर हितग्राही के लिए उपलब्ध राशन और उसकी मात्रा दिखाई देगी। पुष्टि करने के बाद हितग्राही अपना खाली बैग या थैला डिस्पेंसर के नीचे रखकर डिस्पेंस बटन दबाएगा।

इसके बाद कुछ ही सेकंड में निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मशीन से निकलकर सीधे बैग में भर जाएगा। राशन मिलने के बाद स्क्रीन पर प्रदर्शित संदेश की पुष्टि करनी होगी।

मानवीय गलतियां होंगी कम, समय की भी होगी बचत

इस तकनीक आधारित व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण प्रक्रिया में मानवीय त्रुटियों को कम करना, समय बचाना और सही मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना है। इससे हितग्राहियों को राशन वितरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध होने की उम्मीद है।

लोगों ने कहा- राशन लेने का तरीका हुआ आसान

ग्रेन एटीएम के शुभारंभ के बाद राशन कार्डधारी हितग्राहियों में खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने मशीन की सरल प्रक्रिया, सटीक तौल और तेज वितरण व्यवस्था की सराहना की।

नागरिकों का कहना है कि तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा और हितग्राहियों को अधिक सुविधाजनक तरीके से खाद्यान्न मिल सकेगा।

PDS को मिलेगी नई तकनीक की रफ्तार

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत से छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक आधारित सुधारों को नई गति मिलने की उम्मीद है। शासन का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी, सुविधाजनक और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक नितिन दीवान, विश्व खाद्य कार्यक्रम की नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button