छत्तीसगढ़

एक बार फिर इंडिगो की लापरवाही आई सामने..! नागपुर एयरपोर्ट पर बारिश में भीगते रहे यात्री, बस में भी टपकता रहा पानी

एयरलाइंस की ओर से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन अहमदाबाद हादसे के बाद इनके दावों की सारी हवा निकल गई। पुरानी गलतियों से सीख न लेते हुए एयरलाइन्स की तरफ से बार बार गलतियां दोहराई जा रही हैं। इसी कड़ी में नागपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस से यात्रा करने वाले यात्रियों को बारिश के बीच बगैर एयरोब्रिज सुविधा के बस से टर्मिनल तक लाया गया, जिससे उन्हें भीगते हुए सफर करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि जिस बस में यात्रियों को ले जाया गया, उसकी छत से पानी टपक रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। यात्रियों ने एयरलाइन व एयरपोर्ट प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

दरअसल, मुंबई से नागपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 5147 के यात्रियों को भारी बारिश के बीच बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 जून की है, जब नागपुर में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई, लेकिन यात्रियों को एयरोब्रिज की सुविधा देने के बजाय बस से टर्मिनल तक ले जाया गया। इस बीच कई यात्री बारिश में भीगते हुए बस तक पहुंचे।

बस में भी टपक रहा था पानी

लापरवाही की इंतहा तब और हो गई, जब यात्रियों ने देखा कि उन्हें ले जाने वाली बस की छत से भी पानी टपक रहा था। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो सामने आने के बाद इंडिगो एयरलाइंस और नागपुर एयरपोर्ट प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि बारिश के बावजूद एयरलाइंस ने एयरोब्रिज का उपयोग नहीं किया, जिससे सभी को परेशानी उठानी पड़ी। इस फ्लाइट में महाराष्ट्र सरकार के राज्यमंत्री आशीष जायसवाल और सावनेर के विधायक आशीष देशमुख भी सवार थे।

बार-बार हो रही गलतियां

यात्रियों का कहना है कि इंडिगो एयरलाइंस की ओर से ऐसा कोई पहली बार नहीं हुआ है। वे पहले भी कई बार खराब सुविधाओं और गैर-जिम्मेदार रवैये का अनुभव कर चुके हैं। भारी किराया वसूलने के बावजूद एयरलाइन मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रही है। इस घटना के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो एयरलाइंस से सुविधाओं में सुधार की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए लोग इंडिगो की सुविधाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

अहमदबाद हादसे में गई थी 240 यात्रियों की जान

बता दें कि, बीतें दिनों अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेक ऑफ के कुछ सेकेंड्स बाद ही दुर्घटना की शिकार हो गई थी। देखते ही देखते सवा लाख लीटर ईंधन से भरा पूरा विमान आग के गोले तब्दील हो गया। इस भीषण हादसे में प्लेन में सवार 242 यात्रियों में से 241 की जान चली गई थी। वहीं जिस मेडिकल कॉलेज से यह विमान टकराया उसमे मौजूद 30 से अधिक लोगों की भी जान चली गई थी। यानि इस हादसे में कुल 295 लोगों की जान जा चुकी है। हादसे की वजह की जाँच अभी चल रही है।

Related Articles

Back to top button