
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक व्यापारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी संजय करमचंदानी, जो यश इलेक्ट्रॉनिक के संचालक हैं, महिला विश्व कप के न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच के दौरान 777 एक्सचेंज ऐप के जरिए सट्टा चला रहे थे।
पुलिस को सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तिल्दा नेवरा की संयुक्त टीम ने 1 अक्टूबर 2025 को बनियापारा गुरूकृपा कॉम्प्लेक्स स्थित यश इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर छापा मारा। आरोपी ने खुद को दुकान का संचालक बताया। जांच में यह पाया गया कि वह ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
अभियान के दौरान आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 5,000 रुपये नकद, तीन एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित लगभग 45,000 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
संजय करमचंदानी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 439/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे और अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


