छत्तीसगढ़

पति की चिता की तैयारी चल रही थी, तभी पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम… दो दिनों में उजड़ गया पूरा परिवार

शादी को हुए थे सिर्फ चार महीने, पहले पति ने पेड़ पर लगाई फांसी, फिर मातम के बीच पत्नी ने भी दी जान देने की कोशिश

बलौदाबाजार-भाटापारा। पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम पठारीडीह से सामने आई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। एक नवविवाहित जोड़े की जिंदगी दो दिनों में ऐसी तबाह हुई कि गांव में हर आंख नम हो गई। पहले पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और उसके अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पत्नी ने भी जान देने की कोशिश कर डाली।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पठारीडीह निवासी हितेश जायसवाल (24) रायपुर में जेसीबी मशीन चलाने का काम करता था। करीब चार महीने पहले उसकी शादी तुलसी जायसवाल से हुई थी। शादी के बाद दोनों रायपुर में साथ रह रहे थे और परिवार नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर खुश था।

लेकिन सोमवार को अचानक सबकुछ बदल गया। हितेश गांव पहुंचा और एक नर्सरी में नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब लोगों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि मंगलवार को एक और दिल दहला देने वाली घटना हो गई। हितेश का अंतिम संस्कार किया जा रहा था, उसी दौरान उसकी पत्नी तुलसी की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। बताया जा रहा है कि वह बेसुध होकर लगातार रो रही थी।

इसी बीच तुलसी घर के बाथरूम में चली गई और गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उस समय उसकी मां घर में ही मौजूद थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।

तुलसी फंदे पर लटकी हुई मिली। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। लोग समझ नहीं पा रहे कि आखिर इतनी कम उम्र में यह परिवार ऐसे दर्दनाक हादसों का शिकार कैसे हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button