
पेशी से पहले ही खेल हो गया!
रायपुर। राजधानी रायपुर के कोर्ट परिसर से दो विचाराधीन बंदियों के फरार होने की खबर ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों कैदियों को सेंट्रल जेल से नियमित पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था, लेकिन पेशी शुरू होने से पहले ही वे पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए।
जब पुलिसकर्मियों ने आसपास देखा और दोनों बंदी नजर नहीं आए, तो उनके होश उड़ गए। पहले अपने स्तर पर कोर्ट परिसर और आसपास तलाश की गई, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो तुरंत जेल प्रबंधन और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।
कौन हैं फरार बंदी?
जानकारी के मुताबिक फरार हुए दोनों बंदियों की पहचान
राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है।
दोनों हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में आरोपित हैं और न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद थे। उनकी नियमित पेशी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों कैदी कोर्ट मोहरिर की अभिरक्षा में थे। इसी दौरान मौका पाकर वे वहां से निकल भागे।
पुलिस की टीम रवाना, तलाश तेज
घटना सामने आते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और शहर के प्रमुख मार्गों पर अलर्ट जारी किया गया है।
कोर्ट परिसर से इस तरह फरारी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। अब बड़ा सवाल यही है—
क्या दोनों आरोपी जल्द गिरफ्त में आएंगे या यह फरारी किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है?
