रायपुर में जुटे 2000 से ज्यादा युवा, उद्योगपति और निवेशक… AI से स्टार्टअप तक भविष्य की तस्वीर पर हुआ बड़ा मंथन

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की युवा इकाई ‘यंग इंडियंस’ (Yi) का एक दिवसीय वार्षिक फ्लैगशिप सम्मेलन ‘युवा उत्सव 5.0’ आयोजित किया गया। ‘वन भारत स्पिरिट’ के संकल्प के साथ हुए इस सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, उद्योगपतियों, निवेशकों, यूनिकॉर्न संस्थापकों और 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने हिस्सा लिया।
पूरे कार्यक्रम में नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पूंजी निवेश, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए।
डिप्टी सीएम अरुण साव बोले- AI को अपनाएं युवा
सम्मेलन के विशेष समापन सत्र में उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को नई तकनीकों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जब युवा ऊर्जा और आधुनिक तकनीक का समन्वय होता है, तो समाज की जटिल समस्याओं का समाधान संभव होता है। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में काम करने की अपील की।
उद्योग की जरूरतों से युवाओं को जोड़ना जरूरी
अतिथियों का स्वागत करते हुए CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल ने कहा कि औद्योगिक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना जरूरी है।
वहीं, विषय प्रवर्तन करते हुए Yi रायपुर के चेयरमैन एवं रामा टीएमटी के निदेशक पंकज सोमानी ने कहा कि ‘वी कैन, वी विल’ के संकल्प के साथ आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को पूंजी निवेश, AI और सफल उद्यम स्थापित करने की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया।
‘द यंग कैपिटलिस्ट’ में पूंजी प्रबंधन पर चर्चा
सम्मेलन के पहले सत्र ‘द यंग कैपिटलिस्ट’ में विस्टेरिया मीडिया की संस्थापक सुऐश्वर्या गोयल, जिनकुशल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ अभिनव जैन और फिनएवेन्यू के फंड मैनेजर अभिषेक जायसवाल ने हिस्सा लिया।
इस सत्र में पूंजी प्रबंधन और कारोबार के विस्तार से जुड़े विषयों पर युवाओं को मार्गदर्शन दिया गया।
इसके बाद प्रेरक वक्ता राहुल कपूर ने नेतृत्व क्षमता से जुड़े विषय पर युवाओं के साथ अपने विचार साझा किए।
AI के भविष्य से लेकर यूनिकॉर्न माइंडसेट तक चर्चा
दोपहर के सत्र में AI Realm Technologies के संस्थापक राउल जॉन अजू ने ‘फ्यूचर ऑफ AI’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य और इसके संभावित अवसरों पर चर्चा हुई।
इसके बाद ‘यूनिकॉर्न माइंडसेट’ सत्र में डॉ. वैद्यज के संस्थापक अर्जुन वैद्य, ज़ोक्सोडे के सह-संस्थापक कुशल अग्रवाल और इंडो एरा की सह-संस्थापक एवं सीईओ सुसृष्टि तनवानी ने स्टार्टअप्स के विस्तार और अपने अनुभवों को साझा किया।
विचार-विमर्श के निष्कर्ष के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंतिम चरण में Yi रायपुर के को-चेयर एवं पासरी रिफ्रैक्टरीज के निदेशक कवित पसारी ने दिनभर चले विचार-विमर्श का सार प्रस्तुत किया।
इसके बाद Yi Yuva Vertical के को-चेयर आदित्य अग्रवाल ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन दिया। सम्मेलन का समापन सहयोगी संस्थाओं के सम्मान और म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुति के साथ हुआ।


