27 करोड़ की सौगात या बड़ा चुनावी संकेत? जशपुर में CM साय करेंगे सीधा पैसा ट्रांसफर, हजारों खातों में पहुंचेगी रकम
28 मार्च को श्रमिक सम्मेलन में एक साथ 79 हजार से ज्यादा हितग्राहियों को मिलेगा फायदा, कई योजनाओं के तहत होगी बड़ी राशि जारी

छत्तीसगढ़ के जशपुर में 28 मार्च को होने जा रहा श्रमिक सम्मेलन इस बार खास होने वाला है, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एक बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में श्रमिकों और उनके परिवारों के बैंक खातों में सीधे 27.15 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया डीबीटी के जरिए होगी, जिससे हजारों लोगों को सीधे लाभ मिलने वाला है।
जिला मुख्यालय जशपुर के वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 79,340 निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को अलग-अलग योजनाओं के तहत लाभ दिया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे, जबकि वित्त मंत्री ओपी चौधरी और लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
इस सम्मेलन में श्रमिकों के लिए चलाई जा रही 12 अलग-अलग योजनाओं के तहत राशि वितरित की जाएगी। इनमें दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना और सियान सहायता योजना जैसी कई प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के जरिए श्रमिकों को न सिर्फ आर्थिक मदद मिलेगी, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और जीवन स्तर को बेहतर बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
सबसे बड़ी राशि नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत दी जाएगी, जिसमें हजारों श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए सहायता मिलेगी। इसके अलावा सशक्तिकरण, औजार सहायता, सायकल सहायता और आवास जैसी योजनाओं के माध्यम से भी लाभार्थियों को सीधे आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस बड़े कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह आयोजन सिर्फ राशि वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि श्रमिकों के कल्याण और उनके जीवन में सुधार की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस पहल का जमीनी स्तर पर कितना असर देखने को मिलता है और इससे श्रमिकों की जिंदगी में कितना बदलाव आता है।


