छत्तीसगढ़

‘नशे के खिलाफ निर्णायक जंग’… रायपुर से गूंजा संकल्प, राज्यपाल रमेन डेका और CM विष्णुदेव साय ने किया राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ

PM नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की राष्ट्रव्यापी शुरुआत, 100 सप्ताह तक स्कूल-कॉलेजों और युवा संगठनों के जरिए चलेगा जागरूकता अभियान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

PM मोदी ने युवाओं से किया विशेष आह्वान

नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी सकारात्मक ऊर्जा ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

लोक भवन में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

रायपुर के लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।

कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), माय भारत युवा संगठन तथा अन्य संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत—

  • नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम
  • जागरूकता रैलियां
  • पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं
  • वाद-विवाद और निबंध लेखन
  • नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • लघु फिल्म प्रदर्शन
  • सोशल मीडिया अभियान
  • सामुदायिक संवाद

जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जनभागीदारी से बनेगा जनआंदोलन

सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से इस अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाने की योजना है।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button