
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के कंडेल गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार देर रात राहगीरों ने सड़क पर युवक की खून से लथपथ लाश देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
आधी रात खून से लथपथ मिला शव
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात राहगीरों की नजर खून से लथपथ पड़े एक युवक पर पड़ी। उन्होंने अर्जुनी थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जो धारदार हथियार से हमला किए जाने की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय पारसमणि साहू के रूप में
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय पारसमणि साहू के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का नजर आ रहा है। हालांकि, युवक पर हमला किसने किया और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।
पुरानी रंजिश या कोई और वजह? पुलिस खंगाल रही हर कड़ी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद या पुरानी रंजिश तो नहीं थी। इसके अलावा हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से भी जरूरी सुराग जुटाए जा रहे हैं।
हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर हत्या की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।


