छत्तीसगढ़

Chhattisgarh News: सितंबर में पोषण को लेकर बड़ा अभियान! आंगनवाड़ी से पंचायत तक होंगे खास कार्यक्रम, जानिए इस बार क्या रहेगा फोकस

“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर चलेगा पोषण माह 2026, बच्चों-महिलाओं से लेकर गर्भवती माताओं और किशोरियों के पोषण पर रहेगा खास जोर

रायपुर, 2 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 को प्रभावी और जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। सितंबर महीने में प्रदेशभर में पोषण जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी सिलसिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा और मैदानी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

इस बार राष्ट्रीय पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। अभियान का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं और किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार के साथ लोगों में स्वस्थ खान-पान और बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है।

आंगनवाड़ी से लेकर पंचायत तक चलेगा जागरूकता अभियान

बैठक में अधिकारियों ने पोषण माह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायतों, स्कूलों और समुदाय के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

अंतरविभागीय समन्वय के जरिए पोषण से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों को आपस में जोड़कर इसे केवल एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में काम किया जाएगा।

थाली में विविधता और प्रोटीन पर रहेगा खास फोकस

पोषण माह के दौरान लोगों को आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन सेवन के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को ताजा और गरम पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने, सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और बच्चों के विकास के लिए पोषण के साथ-साथ प्रारंभिक उद्दीपन से जुड़ी गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मातृ स्वास्थ्य के लिए PMMVY पर भी जागरूकता

बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए मिलने वाली नकद सहायता से जुड़ी जानकारी को भी अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

गर्भवती और शिशुवती माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के लाभ के प्रति जागरूक करना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा।

डिजिटल निगरानी से होगी पोषण गतिविधियों की मॉनिटरिंग

पोषण माह के दौरान समुदाय आधारित गतिविधियों के साथ डिजिटल मॉनिटरिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आंगनवाड़ी केंद्रों में विभिन्न पोषण संकेतकों की डिजिटल निगरानी के लिए पोषण ट्रैकर का उपयोग किया जा रहा है। इससे पोषण संबंधी गतिविधियों और संकेतकों की नियमित निगरानी में मदद मिलेगी।

कई विभाग मिलकर संभालेंगे जिम्मेदारी

पोषण माह को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, नगरीय प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण, स्कूल शिक्षा, जनसंपर्क, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित कई विभागों की सहभागिता रहेगी।

इसके अलावा अनुसूचित जाति विकास, आदिम जाति कल्याण, कौशल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष सहित संबंधित विभाग भी अभियान में सहयोग करेंगे।

हर विभाग में नोडल अधिकारी होंगे नामांकित

बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की ओर से नोडल अधिकारी नामांकित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और पोषण माह की सभी गतिविधियों को निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से पूरा करना है।

सरकार की कोशिश है कि सितंबर महीने में होने वाला यह अभियान सिर्फ जागरूकता कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि हर परिवार को पोषण से जोड़कर इसे प्रदेशव्यापी जनभागीदारी का अभियान बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button