छत्तीसगढ़
CG विधानसभा में आज गरमाएगा ‘स्मार्ट सिटी घोटाले’ का मुद्दा! बजट सत्र के 7वें दिन हंगामे के पूरे आसार
धान खरीदी से लेकर सिरपुर महोत्सव तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी, ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव से गरमा सकता है सदन।


छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है और एक बार फिर सदन की कार्यवाही हंगामेदार रहने के आसार हैं। जानकारी के मुताबिक विपक्ष आज कई अहम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस धान खरीदी के मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोल सकती है और शून्यकाल के दौरान इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव भी लाया जा सकता है।
सदन में आज स्मार्ट सिटी परियोजना में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठ सकता है। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने इस मामले को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया है।
ऐसे में इस विषय पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं सिरपुर महोत्सव के आयोजन में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर भी सदन में सवाल उठने के आसार हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर भी सरकार से जवाब मांग सकता है।
आज सदन में विभागवार बजट अनुदान पर भी चर्चा होगी। खास तौर पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा के विभागों से जुड़ी अनुदान मांगों पर विस्तार से विचार किया जाएगा।
कुल मिलाकर बजट सत्र का सातवां दिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों और संभावित हंगामे के कारण काफी अहम माना जा रहा है।