प्रियंका गांधी 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ आएंगी। 21 सितंबर को महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भिलाई में होगा। प्रियंका गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे की तारीख और कार्यक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी है। राजनांदगांव में आज आयोजित भरोसे का सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम भूपेश ने बताया कि प्रियंका गांधी 21 को भिलाई आएंगी। वहां विशाल महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही बघेल ने यह भी बताया कि बिलासपुर में आवास सम्मेलन के आयोजन की भी तैयारी चल रही है। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से इस कार्यक्रम के लिए समय मांगा गया है, जैसे ही डेट फाइनल होगा कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। बता दें राज्य सरकार ने यहां रहने वालों का आर्थिक सर्वे कराया है। इसमें यह पता चला है कि राज्य में करीब 46 हजार से ज्यादा गरीब ऐसे हैं जो प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र तो हैं, लेकिन नया सर्वे नहीं होने के कारण उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। ऐसे लोगों के लिए राज्य सरकार ने नई आवास योजना शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए राज्य के अनुपूरक बजट में 100 करोड़ का प्रवधान किया गया है। फिलहाल इस योजना को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना नाम दिया गया है, लेकिन जल्द ही इस का नाम बदला जा सकता है।
बैक टू बैक राष्ट्रीय नेताओं का दौरा
चुनाव करीब आते ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं का दौरा तेज हो गया है। करीब महीनेभर के भीतर मल्लिकार्जुन खड़गे आज दूसरी बार छत्तीसगढ़ आए थे। इससे पहले वे 13 अगस्त को यहां आए थे, तब उन्होंने जांजगीर-चांपा में भरोसे का सम्मेलन को संबोधित किया था। इसके बाद पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 2 सितंबर को यहां आए थे। राहुल नवा रायपुर में राजीव युवा मिताल क्लब के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। अब इसी महीने प्रियंका गांधी के दौरे की तैयारी चल रही है।