Raigarh News: जेएसपी में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

रायगढ़. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिंदल स्टील एंड पॉवर समूह के रायगढ़ संयंत्र द्वारा नारी शक्ति के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिंदल समूह में कार्यरत महिलाओं के साथ ही जेएसपी परिवार की सभी महिला सदस्यों का सम्मान किया गया। महिलाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में सुधार लाने के लिए प्रेरक फिल्में भी दिखायी गयीं। इसके अलावा प्रतिभा और लगन से अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जेएसपी परिवार की पांच महिला सदस्यों का विशेष सम्मान भी किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस इस वर्ष जिंदल स्टील एंड पॉवर द्वारा विशेष तरीके से मनाया गया। इस दिन संयंत्र और ओपी जिंदल स्कूल, फोर्टिस—ओपी जिंदल अस्पताल सहित समूह से जुड़ी सभी संस्थाओं में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों, महिला श्रमिकों एवं जेएसपी परिवार की सभी महिला सदस्यों के लिए कार्यक्रम का आयोजन ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में जेएसपी रायगढ़ के कार्यपालन निदेशक सब्यसाची बंद्योपाध्याय, जिंदल लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती अनिंदिता बंद्योपाध्याय एवं जिंदल लेडीज क्लब की सदस्यों की उपस्थिति में महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में मंच संचालन कर रहे एचआर एंड ईएस विभाग के आशीष गेरा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी का स्वागत किया। फिर इस विशेष दिन के इतिहास और महत्व के संबंध में विशेष फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जेएसपी परिवार की सदस्य श्रीमती नीलिमा नायक ने समाज में महिलाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रेरक उद्बोधन दिया। फिर परिवार के साथ अपने कार्यक्षेत्र में भी शानदार प्रदर्शन करने वाली महिलाओं के जीवन को दिखाती एक प्रेरक शॉर्ट फिल्म दिखायी गयी। इसमें बताया कि नारी में एक साथ घर और बाहर को संभालने की अनूठी शक्ति होती है। जिंदल लेडीज क्लब की सदस्य श्रीमती प्रमिला पौडवाल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास और वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं की स्थिति के विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तुलनात्मक रूप से लैंगिक समानता के क्षेत्र में स्थित बेहतर जरूर हुई है, लेकिन अभी हमें काफी लंबा सफर तय करना है। फिर कन्या भ्रूण हत्या के सामाजिक अपराध के संबंध में जागरूकता प्रसारित करने वाली लघु फिल्म मुस्कान का प्रदर्शन किया गया। इसे सभी ने खूब सराहा।

इसके बाद अपने अनुकरणीय प्रदर्शन और काम के प्रति समर्पण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनी ओपी जिंदल स्कूल की सीनियर मिस्ट्रेस डॉ. शिल्पा दीक्षित, फोर्टिस—ओपी जिंदल अस्पताल की डॉ. रत्ना एमिल, सीएसआर विभाग की श्रीमती रश्मि स्वर्णकार, जेएसपी की स्टील स्ट्रक्चरल डिवीजन में कार्यरत श्रीमती स्मिता शर्मा और सिक्योरिटी विभाग में कार्यरत श्रीमती बबली चौहान का विशेष रूप से स्मृति चिन्ह एवं उपहार के साथ सम्मान किया गया। सभी महिलाओं ने मिलकर केक काटकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की खुशियां मनायीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में डॉ. अंजना विनोद ने अपने उद्बोधन से महिलाओं को सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने और कंधे से कंधा मिलाकर देश और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।




