क्राइमछत्तीसगढ़

रायगढ़: राशन दुकान में 31.75 लाख के खाद्यान्न का हिसाब गायब, जांच बढ़ी तो फरार आरोपी तक पहुंची पुलिस… 3 अब भी लापता

रायगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। धरमजयगढ़ क्षेत्र की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में कुल 31.75 लाख रुपये से अधिक के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शहनवाज उर्फ मौसम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

वहीं, दोनों मामलों में कुल तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

ससकोबा की राशन दुकान में मिली बड़ी कमी

जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को जांच की थी।

जांच के दौरान दुकान में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। खाद्य विभाग ने इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी।

जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त महीने में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया था।

दो गिरफ्तार, दुकान का विक्रेता अब भी फरार

मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने 12 सितंबर को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार बताया जा रहा है।

गनपतपुर की दुकान में 18.86 लाख का खाद्यान्न कम

दूसरी ओर, ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में भी बड़ी गड़बड़ी सामने आई।

खाद्य विभाग की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। विभाग के अनुसार, इसकी कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है।

जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान, पिता याकुब खान, उम्र 49 वर्ष, निवासी पीपरमार, थाना धरमजयगढ़ द्वारा किया जाना पाया गया।

खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर तीनों के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया। मामला धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

अस्पताल में भर्ती होने की मिली थी सूचना

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी शहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर इलाज करा रहा था। इसके बाद चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी रही।

इसी बीच पुलिस को आरोपी के अपने गांव में देखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल दबिश दी और शहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

तीन आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर

PDS खाद्यान्न गड़बड़ी से जुड़े दोनों मामलों में अभी तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

इनमें ससकोबा उचित मूल्य दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया और गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान तथा सचिव शाहिन खान शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। दोनों राशन दुकानों में मिली खाद्यान्न की कमी और वितरण से जुड़ी गड़बड़ियों की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button