छत्तीसगढ़

रायगढ़: “सामने से गुजरती स्कूटी बनी ‘ड्रग रूट’ का खुलासा! 18 किलो गांजा, मोबाइल और तीन तस्कर—नाकाबंदी में खुला पूरा खेल…”

रायगढ़ | छत्तीसगढ़:
“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। स्कूटी और बाइक के जरिए चल रहे गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देश पर की गई, जिसमें साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम शामिल रही।

सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक नीले रंग की स्कूटी पर तीन लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर रायगढ़ की तरफ आ रहे हैं। इसी आधार पर ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की गई।

कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर जांच की गई, जिसमें तीन व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में उनकी पहचान विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान हेमसागर यादव के पास से दो बोरों में कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1.81 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में सप्लाई करने की योजना में थे। मौके से एक मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त की गई।

तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह सप्लाई चेन कहां तक फैली हुई है।

Related Articles

Back to top button