रेलवे ने छठ पूजा पर दी बड़ी सौगात: बिहार को मिली 7 नई ट्रेनों की सौगात
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, बोले – छठ पर्व पर चलेंगी 12,000 स्पेशल ट्रेनें

रायपुर/दिल्ली। नवरात्रि और आगामी छठ पूजा के मद्देनज़र भारतीय रेलवे ने बिहारवासियों को बड़ा तोहफ़ा दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार को सात नई ट्रेनों की सौगात दी। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और चार पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं।
रेल मंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया अहम कदम है। उन्होंने बताया कि नई शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें निम्नलिखित मार्गों पर चलेंगी –
-
मुजफ्फरपुर – चरलापल्ली जंक्शन
-
दरभंगा – मदार जंक्शन
-
छपरा – आनंद विहार टर्मिनल
इसके अलावा, बिहार के यात्रियों की सुविधा के लिए चार नई पैसेंजर ट्रेनें भी आज से संचालन में आ गई हैं।
छठ पूजा के लिए 12,000 स्पेशल ट्रेनें
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छठ महापर्व को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार के लिए 12,000 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त 150 ट्रेनें रिज़र्व रखी जाएंगी ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत चलाया जा सके।
रेलवे विकास पर जोर
अपने संबोधन में रेल मंत्री ने कहा –
“नवरात्रि के पावन पर्व पर पीएम मोदी ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का उपहार दिया था और अब रेलवे में भी तेजी से काम हो रहा है। बिहार में इस समय एक लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। पिछले वर्षों में 1,899 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई गई है। आने वाले समय में वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें भी बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।”
रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मिलकर बिहार के तेज़ी से हो रहे रेल विकास को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह पहल आने वाले वर्षों में बिहार को नए कीर्तिमान तक पहुंचाएगी।


