

आईपीएल शुरू होने से पहले Raipur पुलिस कमिश्नरेट ने सट्टेबाजों को लेकर ऐसा संदेश जारी किया है, जिसने शहर में हलचल मचा दी है। हर साल क्रिकेट सीजन के दौरान बढ़ने वाली सट्टेबाजी पर इस बार पुलिस ने पहले से ही सख्त रुख अपनाते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर किसी ने कानून से खेलना चाहा, तो उसका अगला ठिकाना जेल होगा।
पुलिस ने इस बार लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। क्रिकेट की भाषा में जारी किए गए इस संदेश में साफ कहा गया है कि कानून की टीम ‘चेज’ करने में माहिर है और जो भी सट्टेबाजी में शामिल होगा, उसे किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। इस संदेश ने खासतौर पर युवाओं और ऑनलाइन सट्टा खेलने वालों को सीधा टारगेट किया है।
दरअसल, हर साल आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से फैलता है और लाखों रुपये का अवैध कारोबार होता है। पुलिस लगातार कार्रवाई करती है, लेकिन इसके बावजूद यह धंधा पूरी तरह खत्म नहीं हो पाता। इसी को देखते हुए इस बार Raipur Police Commissionerate ने पहले ही मोर्चा संभाल लिया है और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक करने की पहल की है।
पुलिस ने खास तौर पर फर्जी सट्टा आईडी देने वालों से दूर रहने की सलाह दी है और चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों के साथ ‘पार्टनरशिप’ ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। साफ शब्दों में कहा गया है कि सट्टेबाजी छोड़ दीजिए, वरना जेल जाने के लिए तैयार रहिए।
इस अनोखे अंदाज में दी गई चेतावनी ने यह साफ कर दिया है कि इस बार आईपीएल के साथ-साथ सट्टेबाजों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहने वाली है। अब देखना होगा कि इस ‘क्रिकेट स्टाइल वार्निंग’ का असर कितना होता है और क्या सच में सट्टेबाजी पर लगाम लग पाती है या फिर यह खेल पहले की तरह ही जारी रहता है।