सरेंडर करने वाले नक्सलियों के लिए लाल कार्पेट तैयार : गृहमंत्री विजय शर्मा
युद्धविराम की अफवाहों पर दिया बड़ा बयान, बोले – “सीजफायर नहीं, आत्मसमर्पण करने वालों का होगा स्वागत”

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा नक्सलियों के युद्धविराम से जुड़े पत्र को भ्रामक बताए जाने के बाद अब छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्सलियों के साथ किसी भी प्रकार के सीजफायर की बात नहीं है, बल्कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का सरकार स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा –
“यह पूर्व निर्धारित योजना है। युद्ध विराम की कोई बात नहीं है। जिन नक्सलियों ने पत्र लिखा है और जिनके मन में यह भाव है कि बस्तर में खून-खराबा बंद होना चाहिए, उनके लिए दरवाजे खुले हैं। वे आगे आएं, हम लाल कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत करने को तैयार हैं।”
शहरी नेटवर्क पर कसा शिकंजा
नक्सलियों की गिरफ्तारी और उनके नेटवर्क को लेकर गृहमंत्री शर्मा ने बताया कि स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) सक्रिय रूप से काम कर रही है। रायपुर और कोरबा समेत अन्य शहरी इलाकों में नक्सलियों का नेटवर्क उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि एजेंसी लगातार इनकी प्रोफाइलिंग कर रही है और शहरी नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
गृहमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की नीति साफ है – नक्सली हिंसा और खून-खराबा बर्दाश्त नहीं होगा। लेकिन जो नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में आना चाहते हैं, उनका स्वागत सम्मानजनक तरीके से किया जाएगा।



