किराए पर लिया ट्रेलर… फिर कर दिया ‘गायब’! होटल संचालिका से धोखाधड़ी, GPS ने खोली शातिरों की पोल
डाला बेच डाला, इंजन भी ठिकाने लगाने की फिराक में थे आरोपी; GPS लोकेशन से घरघोड़ा पुलिस ने दबोचे दोनों

किराए पर लिया ट्रेलर… फिर कर दिया ‘गायब’! होटल संचालिका से धोखाधड़ी, GPS ने खोली शातिरों की पोल
रायगढ़।
घरघोड़ा क्षेत्र में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां होटल संचालिका से किराए पर लिया गया ट्रेलर वाहन आरोपियों ने टुकड़ों में बेच डाला। शातिरों की साजिश का पर्दाफाश तब हुआ जब ट्रेलर में लगे GPS सिस्टम ने उनकी लोकेशन उगल दी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परमेश्वर चौहान और उसके साथी लीलाम्बर चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कागजात बनवाने का झांसा, किराए का लालच
प्रार्थिया मीना चौहान (48 वर्ष), निवासी ग्राम कंचनपुर, ने 7 फरवरी 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह घरघोड़ा–धरमजयगढ़ मार्ग के पास अपने बेटों के साथ होटल संचालित करती हैं।
दो वर्ष पहले उन्होंने रायगढ़ निवासी अकबर खान से 16 लाख रुपये में पुराना ट्रेलर (CG-13-LA-4176) खरीदा था, जो टाटा फाइनेंस से फायनेंस कराया गया था। बीमा और अन्य दस्तावेज लंबित होने के कारण वाहन होटल के सामने खड़ा था।
इसी दौरान परमेश्वर चौहान ने संपर्क कर खुद को ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर बताते हुए कागजात बनवाने और 85 हजार रुपये मासिक किराया देने का प्रस्ताव रखा। भरोसा कर महिला ने वाहन सौंप दिया।
फोन बंद… GPS से सामने आई सच्चाई
20 जनवरी 2026 को परमेश्वर अपने साथी लीलाम्बर के साथ होटल पहुंचा और ट्रेलर ले गया। कुछ दिनों बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। शक होने पर पीड़िता ने ट्रेलर में लगे GPS से लोकेशन ट्रैक की, जो लैलूंगा थाना क्षेत्र के कुंजारा में मिली।
5 फरवरी को जब महिला मौके पर पहुंची, तो ट्रेलर का सिर्फ इंजन मौजूद था, बाकी पूरा डाला गायब था।
पूछताछ में कबूलनामा: बिलासपुर में बेचा डाला
पुलिस ने अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 318(4), 316(2), 316(3), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में लीलाम्बर चौहान ने स्वीकार किया कि 22 जनवरी 2026 को दोनों ने मिलकर ट्रेलर का डाला बिलासपुर में बेच दिया था और इंजन को भी बेचने की तैयारी में थे।
इंजन जब्त, आरोपी जेल रवाना
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रेलर का इंजन बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी—
1️⃣ परमेश्वर चौहान (45), ग्राम बैस्कीमुड़ा
2️⃣ लीलाम्बर प्रसाद चौहान (36), ग्राम खेडआमा
दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया।
👉 GPS नहीं होता तो ट्रेलर का इंजन भी कब का बिक चुका होता…


