“फाइलों के पीछे छिपा करोड़ों का खेल! चपरासी ने 15 महीनों में ऐसे उड़ाए 29 लाख… खुलासा होते ही मचा हड़कंप”
शिक्षा विभाग में चौंकाने वाला घोटाला, वेतन बनाने की जिम्मेदारी मिली तो चपरासी ने खुद ही पास किए बिल और अपने खाते में डलवा लिए लाखों रुपये

बिलासपुर।
शिक्षा विभाग के कोटा ब्लॉक से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे महकमे को हिलाकर रख दिया है। यहां एक चपरासी ने ही सिस्टम को मात देकर 15 महीनों में 29 लाख 62 हजार 322 रुपए का गबन कर लिया। हैरानी की बात यह है कि यह खेल लंबे समय तक फाइलों और कंप्यूटर सिस्टम के पीछे चलता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन ने डेटा का रैंडम परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि एक चपरासी के वेतन में अचानक असामान्य बढ़ोतरी हो रही है। इसके बाद जब गहराई से जांच हुई तो पूरा खेल सामने आ गया।
दरअसल, कोटा बीईओ कार्यालय में पदस्थ भृत्य देवेन्द्र कुमार पालके पिछले 10 से 15 वर्षों से वेतन बिल बनाने का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि तत्कालीन और वर्तमान बीईओ ने उसे डीडीओ (आहरण एवं संवितरण अधिकारी) से जुड़े कई अधिकार भी सौंप दिए थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने सिस्टम में हेरफेर शुरू कर दिया।
जांच में सामने आया कि देवेन्द्र पालके मेकर आईडी से वेतन बिल बनाता था और अधिकारियों की चेकर आईडी व डिजिटल सिग्नेचर का भी इस्तेमाल कर बिल पास कर देता था। यानी वह खुद ही बिल बनाता, खुद ही पास करता और फिर उसे कोषालय भेज देता था।
डेटा की जांच में पता चला कि
-
सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरोपी ने करीब 25.04 लाख रुपए अतिरिक्त निकाले।
-
इसके बाद मार्च 2025 से नवंबर 2025 के बीच फिर से 4.57 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
इतना ही नहीं, कुछ महीनों में तो उसने एक साथ 4.95 लाख रुपए तक अपने खाते में डलवा लिए, जिससे अधिकारियों को भी शक नहीं हुआ।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद वरिष्ठ कोषालय अधिकारी बिलासपुर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, दस्तावेजों से छेड़छाड़ और अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
अब इस पूरे घोटाले ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—
क्या एक चपरासी अकेले इतना बड़ा खेल कर सकता था, या इसके पीछे और भी लोग शामिल हैं?
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


