छत्तीसगढ़

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का साया मंत्रिमंडल पर बड़ा हमला, अतिथि व्याख्याता नियुक्ति में आउटसोर्सिंग बंद करने की मांग

सरकार पर आरोपों की झड़ी, बोले- मंत्रिमंडल विस्तार असंवैधानिक, कानून व्यवस्था बदहाल, किसान व शिक्षा क्षेत्र संकट में

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर कड़ी टिप्पणी करते हुए साय मंत्रिमंडल के विस्तार को असंवैधानिक बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री सहित कुल 13 मंत्री ही हो सकते हैं, लेकिन वर्तमान में 14 मंत्री हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि बिना अनुमति अतिरिक्त मंत्री की नियुक्ति कैसे हुई और इसका गजट नोटिफिकेशन कब जारी किया गया? बैज ने कहा कि यदि यह बिना अनुमति हुआ है तो यह मंत्रिमंडल फर्जी है और तत्काल एक मंत्री को हटाया जाना चाहिए।

बैज ने उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती हत्या, लूटपाट, गोलीबारी और नशीली दवाओं की तस्करी से कानून व्यवस्था पूरी तरह फ्लॉप हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गृह विभाग वापस लेकर इसे किसी अन्य को देने की मांग की ताकि प्रदेश की सुरक्षा बेहतर हो सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों को भुगतान रोकने की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि 17 महीनों से अस्पतालों का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे गरीबों का इलाज बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है। साथ ही, किसानों की परेशानी का भी जिक्र करते हुए कहा कि यूरिया और डीएपी की भारी कमी है और खुले बाजार में उनकी कीमतें भी बहुत बढ़ गई हैं।

बैज ने शिक्षा क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि स्कूलों में अभी तक पुस्तकें नहीं पहुंची हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। तिमाही परीक्षाओं के नजदीक आने के बावजूद बच्चों के पास किताबें नहीं हैं, जो बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए बड़ी समस्या है।

शराबबंदी को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब खुलेआम बिक रही है और सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है।

अंत में, दीपक बैज ने अतिथि व्याख्याता नियुक्ति में आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने और केवल राज्य के योग्य युवाओं को नियुक्ति देने की सख्त मांग की।

Related Articles

Back to top button