छत्तीसगढ़

स्कूल में ‘10 नंबर’ का लालच देकर छात्रों से करवाई रंगाई-पुताई! देवी-देवताओं पर टिप्पणी के बाद प्राचार्य सस्पेंड

जांजगीर के उत्कृष्ट विद्यालय में बड़ा विवाद, प्रैक्टिकल में बोनस अंक देने का लालच देकर छात्रों से काम कराने और धार्मिक टिप्पणी के आरोप के बाद डीपीआई ने की कार्रवाई।


छात्रों से काम कराने का आरोप, बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। मामला महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय, डोंगाकौहरौद का है।

डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि उन्होंने छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में अतिरिक्त अंक देने का लालच देकर उनसे स्कूल की रंगाई-पुताई करवाई।


बोनस अंक का लालच देकर कराया काम

शिकायत के अनुसार प्राचार्य कुंज किशोर ने स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में 10 अंक बोनस देने का लालच दिया। इसके बदले उनसे विद्यालय की रंगाई-पुताई करवाने के लिए कहा गया।

इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया।


फीस ज्यादा लेने और धमकी देने का भी आरोप

छात्रों और अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्राचार्य ने बोर्ड परीक्षा की फीस अधिक ली। जब छात्रों ने रसीद मांगी तो उन्हें परीक्षा में देख लेने की धमकी दी गई।


देवी-देवताओं पर टिप्पणी का वीडियो वायरल

मामले को और गंभीर तब बना दिया जब प्राचार्य का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे छात्रों के सामने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे थे।

वीडियो वायरल होने के बाद धार्मिक भावनाएं आहत होने का मामला भी उठ खड़ा हुआ।


शिक्षा विभाग ने की सख्त कार्रवाई

इन सभी आरोपों को गंभीर मानते हुए डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।

Related Articles

Back to top button