खेलछत्तीसगढ़

रायपुर में उतरेंगे अंबानी! IPL मैच से पहले बढ़ी हलचल, विराट-रोहित के साथ बॉलीवुड सितारों की भी एंट्री संभव

10 साल बाद क्रिकेट का सबसे बड़ा शो, हाई अलर्ट पर पुलिस… 1500 जवानों के साए में होगा महामुकाबला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आईपीएल का रोमांच अब चरम पर पहुंच चुका है। 10 साल बाद शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होने जा रहे आईपीएल मुकाबले को लेकर शहर पूरी तरह क्रिकेटमय हो गया है। लेकिन इस बार सिर्फ चौके-छक्कों की नहीं, बल्कि वीआईपी मूवमेंट और सेलिब्रिटी एंट्री की भी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।

10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। वहीं खबर है कि बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह भी मैच देखने रायपुर पहुंच सकती हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा अंबानी परिवार के रायपुर आने की है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार के सदस्य स्टेडियम में मौजूद रह सकते हैं। इसके अलावा कई बॉलीवुड हस्तियों के भी मैच देखने आने की संभावना जताई जा रही है।

इधर इस हाईप्रोफाइल मैच को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने हाईलेवल बैठक ली, जिसके बाद सुरक्षा इंतजाम और सख्त कर दिए गए हैं।

मैच के दौरान 8 आईपीएस अधिकारियों समेत 20 राजपत्रित अधिकारी और करीब 1500 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरे ऑपरेशन की कमान संभालेंगे।

करीब 1200 पुलिस जवान और अधिकारी स्टेडियम और आसपास के इलाकों में तैनात रहेंगे, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 300 से ज्यादा अतिरिक्त जवान लगाए जाएंगे। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर इस बार किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी।

अब रायपुर की निगाहें 10 मई पर टिकी हैं, जब क्रिकेट, ग्लैमर और वीआईपी मूवमेंट का सबसे बड़ा संगम देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button