देशभर के 21 राज्यों को पीछे छोड़ छत्तीसगढ़ ने मारी बाजी! कोलकाता में मिला बड़ा राष्ट्रीय सम्मान
TTF Kolkata-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन को मिला 'Best Decoration of Stall & Appearance' अवॉर्ड, निवेश और पर्यटन को भी मिला नया बढ़ावा।

रायपुर।
छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) कोलकाता-2026 में राज्य के पर्यटन विभाग ने ऐसा प्रदर्शन किया कि 21 राज्यों के बीच छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन को प्रतिष्ठित “Best Decoration of Stall & Appearance” सम्मान से नवाजा गया।
10 से 12 जुलाई तक विश्व बंगला प्रांगण, कोलकाता में आयोजित देश के प्रमुख पर्यटन व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का आकर्षक और आधुनिक पवेलियन आगंतुकों, पर्यटन विशेषज्ञों, टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। राज्य की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक पर्यटन, इको-टूरिज्म और पर्यटन सर्किटों की प्रभावशाली प्रस्तुति को व्यापक सराहना मिली।
मेले के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों, होटल समूहों और निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी (Business-to-Business) बैठकें कीं। इनमें पर्यटन निवेश, संयुक्त टूर पैकेज, विपणन सहयोग और नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के साथ लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालकों, होम-स्टे संचालकों और पर्यटन उद्यमियों ने भी भाग लिया। इससे राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर पहचान मिली और नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
मेले के उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष और थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया और राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति तथा पर्यटन संभावनाओं की खुलकर सराहना की।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य लगातार पर्यटन के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वहीं पर्यटन सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐसी भागीदारी से राज्य में पर्यटन निवेश, रोजगार और निजी क्षेत्र की सहभागिता को नई गति मिलेगी।
टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने इसे सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों की सूची में और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

