बंगाल में सियासी भूचाल! करारी हार के बाद ममता बनर्जी का फूटा गुस्सा, शाम 4 बजे बड़ा खुलासा संभव
भवानीपुर से भी हारीं मुख्यमंत्री, बीजेपी की बड़ी जीत ने बदला सियासी गणित, प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी सबकी नजर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। बीजेपी की जोरदार जीत के बीच तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे सियासी माहौल गरमा गया है। इस हार के बाद टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा खुलकर सामने आ रहा है और अब उनकी आज शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
चुनावी परिणामों के मुताबिक, बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बढ़त बना ली है, जबकि टीएमसी महज 81 सीटों पर सिमट गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि खुद ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के हाथों 15,105 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के दौरान भवानीपुर के सखावत मेमोरियल काउंटिंग सेंटर पर भी विवाद की स्थिति बन गई थी। ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें काउंटिंग सेंटर के अंदर जाने से रोका गया और धक्का-मुक्की तक की गई। उन्होंने सीआरपीएफ पर मारपीट का आरोप लगाया और बीजेपी पर 100 से ज्यादा सीटें ‘चोरी’ करने का दावा भी किया। इतना ही नहीं, उन्होंने चुनाव आयोग पर भी पक्षपात के आरोप लगाए थे।
अब माना जा रहा है कि ममता बनर्जी अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन सभी मुद्दों पर खुलकर बोल सकती हैं। इस दौरान उनके साथ टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहेंगे, जिससे सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
वहीं, बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने अपनी जीत के बाद बड़ा बयान देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें फिर से मौका दिया है और वे वादों को पूरा करेंगे। उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार खत्म हो रहा है और आने वाले समय में इसका असर और दिखेगा।
फिलहाल, पूरे राज्य की नजरें ममता बनर्जी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां से आने वाले बयान बंगाल की राजनीति को और गर्मा सकते हैं।



