चीखती रह गईं बेटियां… 30 फीट गहरे कुएं में गिरकर मां की दर्दनाक मौत, पानी भरते समय हुआ हादसा
कोरबा के नेहरू नगर में पैर फिसलने से कुएं में गिरी 38 वर्षीय महिला, अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई जिंदगी की डोर

पानी निकालते समय कुएं में गिरी महिला, दर्दनाक मौत
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पानी निकालते समय पैर फिसलने से एक महिला करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना नेहरू नगर में हुई, जो बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय चंदा देवी साह के रूप में हुई है।
मां को गिरते देख बेटियों ने मचाई चीख-पुकार
बताया जा रहा है कि चंदा देवी घर के पास बने कुएं से पानी निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे 30 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं।
घटना के समय उनकी दो बेटियां मौके पर ही मौजूद थीं। मां को कुएं में गिरते देख दोनों घबरा गईं और जोर-जोर से चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और रिश्तेदार तुरंत मौके पर पहुंच गए।
रस्सी और सीढ़ी की मदद से निकाला बाहर
ग्रामीणों और पड़ोसियों ने तुरंत बचाव का प्रयास शुरू किया। सीढ़ी और रस्सी की मदद से काफी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला गया।
इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए बालको अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौजूद थीं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिवार की जिम्मेदारी अकेले उठा रही थी महिला
बताया जा रहा है कि चंदा देवी का परिवार आर्थिक रूप से काफी संघर्ष कर रहा था। उनके पति लकवाग्रस्त हैं और उनका इलाज चल रहा है।
महिला बालको चौक के पास मूंगफली बेचकर अपने छह बेटियों का भरण-पोषण कर रही थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में शोक की लहर है।



