घर में सो रहा था पूरा परिवार, बाहर से लगा दी कुंडी… टूटी अलमारी देख उड़े होश, CCTV ने खोल दिया चोरी का राज
जांजगीर-चांपा के बलौदा में लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा; महिला और सोनार समेत 4 गिरफ्तार, तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के सोनार मोहल्ले में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरों ने वारदात के दौरान घर में सो रहे परिवार के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी और दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल खरीदने वाले अकलतरा निवासी सोनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
सुबह उठे तो बाहर से बंद था कमरे का दरवाजा
मामला बलौदा के वार्ड क्रमांक 7 स्थित सोनार मोहल्ले का है। प्रार्थी नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्होंने देखा कि उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद है।
इसके बाद घर के दूसरे कमरे में जाकर देखा गया तो अलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस ने थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और साइबर सेल ने जोड़ा चोरी का कनेक्शन
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क और SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों की तकनीकी जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
तीन बालकों की मदद से घर में घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों की मदद से घर में प्रवेश कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद जेवरात को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े लोगों की कड़ी भी खंगाली।
चोरी के जेवर बेचने में महिला की भूमिका
पुलिस के अनुसार चोरी किए गए जेवरात को बेचने में संगीता जगत की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी मामले में गिरफ्तार किया।
जांच में चोरी का माल अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल को बेचने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने सुमित अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
15.87 लाख के जेवर और 7 हजार रुपये बरामद
आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान में रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और सोने की धातु समेत अन्य जेवरात शामिल हैं।
इसके अलावा 7 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। बरामद कुल मसरूका की कीमत करीब 15.87 लाख रुपये बताई गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें—
- आयुष आदित्य उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बलौदा
- जीतु देवार (20 वर्ष), निवासी बलौदा
- सुमित अग्रवाल (41 वर्ष), निवासी अकलतरा
- संगीता जगत (36 वर्ष), निवासी बलौदा
शामिल हैं। इसके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी पाई गई है, जिनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब खंगाल रही चोरी से जुड़े अन्य कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। चोरी के बाद जेवरात को खपाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की कड़ी जोड़ते हुए चोरी का सामान बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है। जांच में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उप निरीक्षक रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा और साइबर थाना जांजगीर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

