क्राइमछत्तीसगढ़

दुर्ग में बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव! उपसरपंच की चाकू से गोदकर हत्या, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार

धमधा रोड पर बीच सड़क हुई वारदात, लूट का विरोध करना पड़ा भारी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाईं।

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बीच सड़क पर तुमाकला गांव के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

लूट का विरोध करना पड़ा भारी

जानकारी के अनुसार, रविवार (2 अगस्त) की रात करहीडीह से चिखली चौक के बीच धमधा रोड पर प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ जा रहे थे। इसी दौरान चार बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की।

जब प्रकाश सिंह ने लुटेरों का विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए।

साथी ने भागकर बचाई जान

घटना के दौरान प्रकाश सिंह के साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें गठित

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

गांव में शोक की लहर

मृतक प्रकाश सिंह कश्यप तुमाकला गांव के उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button