छत्तीसगढ़

श्रद्धालुओं के जत्थे पर मौत की ट्रैक्टर टक्कर!

मां दंतेश्वरी दर्शन को निकले श्रद्धालुओं की यात्रा मातम में बदली

कोंडागांव। नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां पूरा प्रदेश माता के जयकारों से गूंज रहा था, वहीं कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दहिकोंगा कोल्ड स्टोरेज के पास श्रद्धालुओं के जत्थे को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया।

इस हादसे में कांटागांव निवासी महादई नेताम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में सदबती मंडावी और ललिता मरकाम शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, ललिता की हालत बेहद नाजुक है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

कैसे हुआ हादसा?

14 युवक-युवतियों का जत्था मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा की ओर पैदल यात्रा पर निकला था। दोपहर में खिचड़ी प्रसाद ग्रहण करने के बाद जैसे ही जत्था जयकारों के साथ आगे बढ़ा, अचानक पीछे से आया ट्रैक्टर जोरदार टक्कर मारकर निकल गया।

चालक फरार, पुलिस अलर्ट

टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान के अनुसार, ग्रामीणों से पूछताछ भी जारी है ताकि फरार चालक तक जल्द पहुंचा जा सके।

गांव में मातम, प्रशासन पर सवाल

हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिवारजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि—

  • मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाए।

  • घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए।

  • फरार चालक को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि नवरात्रि जैसी आस्था से जुड़ी पैदल यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन कितनी गंभीरता से काम करता है

Related Articles

Back to top button