

तिरुवनंतपुरम: केरल में चुनावी माहौल के बीच आज राजनीतिक तापमान और बढ़ने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचार अभियान के तहत शनिवार को केरल पहुंच रहे हैं, जहां उनका कार्यक्रम सियासी दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए कोट्टायम जिले के चांगनास्सेरी स्थित एनएसएस कॉलेज मैदान जाएंगे, जहां से वे तिरुवल्ला स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
इस जनसभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ आसपास के निर्वाचन क्षेत्रों से राजग उम्मीदवारों की मौजूदगी रहने की उम्मीद है। यह सभा चुनाव से पहले NDA के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।
जनसभा के बाद प्रधानमंत्री फिर तिरुवनंतपुरम लौटेंगे, जहां शाम के समय वे किल्लीपलम से करमना जंक्शन तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा रोडशो करेंगे। इस रोडशो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे, जिससे शहर की सियासी फिजा पूरी तरह बदलने की संभावना है।
इस दौरान राजीव चंद्रशेखर और वी मुरलीधरन जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री राजग उम्मीदवारों से मुलाकात भी करेंगे और शाम करीब 7 बजे दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।
गौरतलब है कि केरल में 9 अप्रैल को चुनाव होने हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि इस मेगा शो के बाद राज्य की राजनीति किस दिशा में करवट लेती है।