छत्तीसगढ़

कबीरधाम के लिए आई बड़ी खुशखबरी! वर्षों का इंतजार खत्म, अब जिले में ही बनेंगे डॉक्टर… जानिए क्या मिली बड़ी मंजूरी

एनएमसी ने 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शासकीय मेडिकल कॉलेज को दी मंजूरी, 2026-27 सत्र से होगी पढ़ाई शुरू; लाखों लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज।

 


कबीरधाम।

कबीरधाम जिले के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। वर्षों से जिस शासकीय मेडिकल कॉलेज का इंतजार किया जा रहा था, उसे आखिरकार नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मंजूरी मिल गई है। एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शासकीय मेडिकल कॉलेज के संचालन की अनुमति दे दी है। यह कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर से संबद्ध होगा।

इस स्वीकृति के बाद कबीरधाम सहित आसपास के जिलों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं जिले के विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं कबीरधाम विधायक विजय शर्मा ने इसे जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रही है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर लगातार समन्वय और प्रयास किए गए, जिसका परिणाम अब जिले को मिला है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए जिला अस्पताल का 100 बिस्तरों से बढ़ाकर 220 बिस्तरों में उन्नयन किया गया। साथ ही लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण को भी स्वीकृति मिली। निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए विशेष समिति का गठन किया गया था, जिसकी समीक्षा स्वयं उप मुख्यमंत्री करते रहे।

बताया गया कि 23 जून को नई दिल्ली दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज शुरू करने का आग्रह किया था। लगातार फॉलोअप और समन्वय के बाद एनएमसी ने 50 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालन की अंतिम मंजूरी दे दी।

इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेशनल मेडिकल कमीशन और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से कबीरधाम में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और समग्र विकास को नई गति मिलेगी तथा यह जिला प्रदेश के प्रमुख मेडिकल शिक्षा केंद्रों में अपनी पहचान बनाएगा।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button