
रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लिए रविवार का दिन खास बन गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रदेश के युवा एथलीट अनिमेष कुजूर से सीधे बातचीत की। हाल ही में रांची में आयोजित 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले अनिमेष की उपलब्धि का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने उनके संघर्ष और सफलता की कहानी पूरे देश को सुनाई।
अनिमेष कुजूर के साथ प्रधानमंत्री ने एथलीट गुरिंदरवीर सिंह से भी बातचीत की। दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।
जशपुर के बेटे की उपलब्धि पर प्रदेश को गर्व
अनिमेष कुजूर की सफलता ने न सिर्फ जशपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। सीमित संसाधनों के बीच मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अनिमेष आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में उनका उल्लेख होना प्रदेश के खेल जगत के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
‘मन की बात’ में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान भी चर्चा में
खिलाड़ियों से बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खगोल विज्ञान यानी एस्ट्रोनॉमी के प्रति बढ़ते आकर्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में सदियों पुरानी वेधशालाएं और वैज्ञानिक परंपराएं मौजूद हैं, जिनका संबंध आकाश, तारों और ब्रह्मांड के अध्ययन से रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देशभर में एस्ट्रोनॉमी क्लब तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक युवा अंतरिक्ष और खगोल विज्ञान को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।
कई संस्थाओं के प्रयासों की सराहना
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी, खगोल मंडल, एस्ट्रो केरला, बिग बैंग एस्ट्रोनॉमी क्लब और ज्योतिर्विद्या संस्थान जैसी संस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये संगठन युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई संस्थाएं रात्रिकालीन अवलोकन शिविर, कार्यशालाएं और टेलीस्कोप निर्माण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को ब्रह्मांड के रहस्यों से परिचित करा रही हैं। साथ ही छात्र-नेतृत्व वाले राष्ट्रीय नेटवर्क आईएसएसएसी (ISSEAC) जैसे मंच भी खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
‘मन की बात’ में जशपुर के युवा एथलीट अनिमेष कुजूर का जिक्र और उनसे प्रधानमंत्री की सीधी बातचीत प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बन गई। उनकी सफलता की कहानी अब देशभर के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा दे रही है।




