छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में बीजेपी को बड़ा झटका! 400 से ज्यादा ग्रामीणों ने एक साथ थामा कांग्रेस का हाथ, बस्तर की राजनीति में मचा हलचल

फूलपाड़ में हुए शक्ति प्रदर्शन ने बढ़ाई सियासी गर्मी, कांग्रेस नेताओं ने गमछा पहनाकर कराया प्रवेश; विकास की उपेक्षा बना बड़ा मुद्दा

दंतेवाड़ा। बस्तर अंचल में सियासी हलचल तेज हो गई है। जिले के कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फूलपाड़ में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा, जब 400 से अधिक ग्रामीणों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस सामूहिक राजनीतिक बदलाव को क्षेत्र की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही थी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का व्यवहार भी जनभावनाओं के अनुरूप नहीं था। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाजपा से किनारा कर कांग्रेस का दामन थाम लिया।

फूलपाड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा, पीसीसी सदस्य एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गौतम, आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शंकर कुंजाम तथा ब्लॉक अध्यक्ष देव सिंह ताती प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने नवप्रवेशी ग्रामीणों का पारंपरिक स्वागत किया। सभी को पार्टी का आधिकारिक गमछा पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई और पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया गया।

कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता का भाजपा सरकार और स्थानीय नेतृत्व के खिलाफ बढ़ते असंतोष का संकेत बताया। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों पर ठोस काम चाहते हैं।

इस सामूहिक प्रवेश के बाद दंतेवाड़ा और बस्तर क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आगामी चुनावी समीकरणों पर भी इस घटनाक्रम का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button