देश

राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ा मोड़! सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत पर रोक से किया इनकार, अब अगली सुनवाई पर टिकी निगाहें

मेघालय सरकार की जमानत रद्द करने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस, कहा- पहले ट्रायल की प्रगति देखेंगे।

नई दिल्ली। चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सर्वोच्च अदालत ने फिलहाल उसकी जमानत पर रोक लगाने या उसे रद्द करने से इनकार कर दिया है। हालांकि, मेघालय सरकार की जमानत रद्द करने संबंधी याचिका पर नोटिस जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह गुरुवार को तय की है।

मेघालय सरकार ने हाईकोर्ट द्वारा सोनम रघुवंशी को दी गई जमानत को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इससे पहले सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत के समक्ष मामले का उल्लेख करते हुए इसे बेहद गंभीर बताते हुए शीघ्र सुनवाई की मांग की थी, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दी।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सोनम रघुवंशी पहले ही जेल से रिहा हो चुकी है और फिलहाल अदालत उसकी जमानत पर रोक लगाने की इच्छुक नहीं है। कोर्ट ने कहा कि वह पहले यह देखना चाहेगा कि ट्रायल किस स्थिति में है। इसके साथ ही अदालत ने सोनम रघुवंशी की जमानत फिलहाल बरकरार रखते हुए उसे नोटिस जारी किया।

सुनवाई में मेघालय सरकार की दलील

जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की पीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हाईकोर्ट के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह हत्या का अत्यंत गंभीर मामला है और जिस न्यायाधीश ने पहले तीन बार जमानत याचिका खारिज की थी, उसी ने चौथी बार जमानत दे दी। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है।

‘पहले से रची गई थी हत्या की साजिश’

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में दलील दी कि यह हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी। उनके अनुसार, सोनम रघुवंशी अपने पति राजा रघुवंशी को हनीमून के बहाने मेघालय ले गई, जहां कथित रूप से तीन अन्य हमलावरों के साथ मिलकर उनकी हत्या की गई और शव को खाई में फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद सोनम फरार हो गई थी और बाद में उत्तर प्रदेश से उसे गिरफ्तार किया गया।

क्या है पूरा मामला?

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी मई 2025 में सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। इसी दौरान राजा रघुवंशी के लापता होने की सूचना मिली और कुछ दिनों बाद उनका शव बरामद हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा नाम के युवक से कथित प्रेम संबंध था और दोनों ने मिलकर हनीमून के बहाने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची। इस मामले में पुलिस ने सोनम रघुवंशी समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल मामले की सुनवाई जारी है और सुप्रीम कोर्ट अब ट्रायल की प्रगति को देखते हुए आगे का फैसला करेगा।

Related Articles

Back to top button