छत्तीसगढ़
होली से पहले खुशियों की बारिश! 25 लाख किसानों के खाते में आज गिरेगा 10,000 करोड़ से ज्यादा… सीएम साय का बड़ा ऐलान
धान बोनस का इंतजार खत्म, अन्नदाताओं के खाते में सीधे ट्रांसफर होगी राशि


रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों के लिए आज का दिन किसी त्योहार से कम नहीं है। धान बोनस की राशि का लंबे समय से इंतजार कर रहे अन्नदाताओं को आज बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार आज करीब 25 लाख 24 हजार किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करने जा रही है।
इस बड़े फैसले का ऐलान खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया है। होली से ठीक पहले किसानों के खातों में इतनी बड़ी रकम आने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी जबरदस्त हलचल देखने को मिल सकती है।
सीएम साय 27 फरवरी को रायपुर में आयोजित सिटी गैस अवसंरचना उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने मंच से घोषणा की कि सरकार धान बोनस की लंबित राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनकी आर्थिक मजबूती सरकार की प्राथमिकता है।
होली से पहले बोनस राशि मिलने से किसानों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा रही है। माना जा रहा है कि इस भुगतान से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी।
अब सवाल यह है कि क्या यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगा? क्या बोनस की यह बड़ी राशि किसानों की आमदनी में स्थायी सुधार ला पाएगी?
फिलहाल तो छत्तीसगढ़ के अन्नदाता आज अपने मोबाइल पर बैंक मैसेज का इंतजार कर रहे हैं… और जैसे ही मैसेज आएगा, गांव-गांव में खुशियों की गूंज सुनाई दे सकती है।