एक दूल्हा… दो दुल्हनें… एक ही मंडप! बस्तर की इस शादी ने सबको चौंकाया
गाजे-बाजे के साथ हुए सात फेरे, सोशल मीडिया पर वायरल VIDEO—परंपरा और कानून के बीच उठे बड़े सवाल

छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल से एक ऐसी अनोखी शादी सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। Kondagaon जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बैलगांव में एक युवक ने एक नहीं बल्कि दो दुल्हनों के साथ एक ही मंडप में सात फेरे लिए। यह विवाह किसी छिपे तरीके से नहीं, बल्कि पूरे सामाजिक रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इस अनोखी शादी में दूल्हा हितेश ने फुलबती और यामिनी नाम की दो युवतियों के साथ एक साथ विवाह किया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दूल्हा दोनों दुल्हनों का हाथ थामे अग्नि के फेरे ले रहा है और सभी रस्में निभा रहा है। शादी में शामिल ग्रामीणों और दोस्तों ने जमकर नाच-गाना किया, जिससे पूरा माहौल किसी फिल्मी सीन जैसा नजर आया।
यह विवाह 23 और 24 मार्च 2026 को पारंपरिक रस्मों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें हल्दी से लेकर पाणिग्रहण और आशीर्वाद समारोह तक सभी कार्यक्रम पूरे रीति-रिवाजों के साथ निभाए गए। खास बात यह रही कि इस शादी को तीनों परिवारों और गांव के बुजुर्गों की सहमति मिली, जिससे यह आयोजन खुले तौर पर और बिना किसी विरोध के संपन्न हो सका।
हालांकि इस घटना ने एक बार फिर परंपरा और कानून के बीच बहस छेड़ दी है। जहां स्थानीय स्तर पर इसे सामाजिक सहमति और परंपरा का हिस्सा माना जा रहा है, वहीं भारतीय कानून के तहत एक से अधिक विवाह को मान्यता नहीं है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या परंपराएं कानून से ऊपर हो सकती हैं, या फिर ऐसे मामलों में कानूनी हस्तक्षेप जरूरी है।
फिलहाल यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है और Kondagaon ही नहीं, पूरे प्रदेश में लोग इस ‘अनोखे बंधन’ को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
