छत्तीसगढ़

बोलेरो के नीचे छुपा था ‘सफेद जहर’! होली से पहले 18.4 किलो गांजा जब्त, अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब

‘ऑपरेशन आघात’ में 3 तस्कर दबोचे गए, 14 लाख की मॉडिफाइड गाड़ी और लाखों का माल सीज

जशपुर। होली से ठीक पहले जिले में नशे के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हुई है जिसने तस्करों के होश उड़ा दिए। जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 18.4 किलो गांजा बरामद कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मॉडिफाइड नई बोलेरो (कीमत लगभग 14 लाख रुपये) को भी जब्त कर लिया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है।

गाड़ी के नीचे बना था गुप्त चेंबर

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ओड़िशा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश के सिंगरौली ले जाने की फिराक में थे। बीती रात थाना कुनकुरी क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर वाहन क्रमांक MP 66 ZH 6806 को रोका गया। तलाशी लेने पर बोलेरो के नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से 18.4 किलो गांजा बरामद हुआ। इस खुलासे ने अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की परतें खोल दीं।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

  • गोलारमन यादव (61 वर्ष), जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश

  • शिवराम यादव (26 वर्ष), जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश

  • रामेश्वर यादव (30 वर्ष), जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उन्हें ओड़िशा में रहने वाले रिश्तेदार (साला) ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने उसे भी आरोपी बनाया है और गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

अपराध क्रमांक 45/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि एंड-टू-एंड विवेचना जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

इसी क्रम में सिटी कोतवाली जशपुर ने 28 फरवरी 2026 को किराए के मकान में डंप किए गए 24.840 किलो गांजा के साथ दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। उस मामले में जब्त गांजे की कीमत लगभग 12.42 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की चेतावनी

कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

होली से पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि नशे के सौदागरों पर पुलिस की पैनी नजर है और आने वाले दिनों में ऐसे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button