मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो विमान में एक यात्री ने मुस्लिम यात्री को जड़ा थप्पड़, मचा हंगामा

मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E138) में शुक्रवार को एक अप्रत्याशित घटना हुई, जब एक यात्री ने उड़ान के दौरान एक अन्य सहयात्री को थप्पड़ मार दिया। घटना एयरबस A321 विमान में हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक यात्री अचानक आइल के पास से उठकर खड़े यात्री को थप्पड़ मार देता है। थप्पड़ खाए यात्री को रोते हुए देखा गया और केबिन क्रू द्वारा उसे हमलावर से दूर ले जाया गया। केबिन क्रू का एक सदस्य आरोपी यात्री से शांति बनाए रखने की अपील करता है, जबकि एक अन्य यात्री पूछता है, “अगर कोई समस्या थी, तो आपने उसे थप्पड़ क्यों मारा?”
इंडिगो ने जारी किया बयान
इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है, “यह अस्वीकार्य है और हम यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा और सम्मान से समझौता करने वाली किसी भी हरकत की कड़ी निंदा करते हैं।” एयरलाइन ने आगे बताया कि आरोपी यात्री की पहचान कर उसे फ्लाइट लैंडिंग के बाद सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। एयरलाइन के बयान में कहा गया, “हमारा केबिन क्रू मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार पूरी तरह पेशेवर रहा। घटना की जानकारी सभी संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है। हम अपनी सभी उड़ानों में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
फिलहाल जांच जारी
यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह झगड़ा विमान के उड़ान भरने से पहले हुआ या उड़ान के दौरान। हमलावर की पहचान और झगड़े के कारण की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। यह भी अज्ञात है कि उस वक्त फ्लाइट में कुल कितने यात्री सवार थे। पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। घटनाक्रम से संबंधित अधिक जानकारी सामने आने की प्रतीक्षा की जा रही है।



