छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला खतरनाक मिजाज, बारिश-बिजली को लेकर अलर्ट जारी, गर्मी के बीच बढ़ी बेचैनी

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव होते ही मौसम विभाग की चेतावनी, कई जिलों में गरज-चमक और अंधड़ के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम अचानक करवट लेने लगा है। भीषण गर्मी के बीच अब बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में बिजली गिरने और अंधड़ की भी चेतावनी दी गई है। इस बदलते मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि दिन में तेज गर्मी और शाम को उमस भरी हवाओं ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को भीषण गर्मी दर्ज की गई। शाम तक गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे उमस काफी बढ़ गई। वहीं प्रदेश के अन्य संभागों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी तरफ अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के मौसम पर पड़ सकता है। अगले 48 घंटों में इसके और अधिक प्रभावी होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर मणिपुर तक एक द्रोणिका भी सक्रिय है, जो छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसी वजह से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। फिलहाल बुधवार को रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक, हल्की बारिश और अंधड़ की संभावना जताई गई है। राजधानी में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। अचानक बदलते मौसम ने अब गर्मी के साथ डर भी बढ़ा दिया है।

Related Articles

Back to top button