मथुरा-वृंदावन और बरसाना को लेकर क्या है सरकार की योजना? श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर CM योगी ने बताया प्लान

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा-वृंदावन, बरसाना और ब्रज क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए बड़ी योजना का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ब्रज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक विकास से जोड़ा जाएगा ताकि यह क्षेत्र द्वापर युग की स्मृतियों को फिर से जीवंत कर सके।
मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन और पूजन के बाद सीएम योगी ने कहा कि, ‘ब्रजभूमि की पौराणिक मान्यता को बहाल करने के लिए मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन और राधाकुंड को विशेष तीर्थ रूप में विकसित किया जाएगा।’ उन्होंने बताया कि अकेले ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए ₹30 हजार करोड़ की नई कार्ययोजना लाई जा रही है।
645 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर ₹645 करोड़ की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि जैसे काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या राम मंदिर ने देश-विदेश में आध्यात्मिक पहचान बनाई है, वैसे ही ब्रज क्षेत्र भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाएगा।
बरसाना में रोपवे का सफल संचालन
योगी आदित्यनाथ ने जोर दिया कि यमुना मैया की अविरलता और निर्मलता के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बरसाना में रोपवे का सफल संचालन बुजुर्गों और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए सुविधा लेकर आया है, जो विकास का सीधा लाभ है।
गोवंश की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि गोवंश की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। निराश्रित गायों की सेवा करने वाले किसानों को 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज की समृद्ध परंपरा और विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास को गति दी जाएगी।



