कौन हैं IFS अधिकारी निधि तिवारी जो बनीं PM मोदी की पर्सनल सेक्रेटरी, जानें इस पद पर कितनी मिलती है सैलरी

भारतीय विदेश सेवा (IFS) की 2014 बैच की अधिकारी निधि तिवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी सचिव (PS) के रूप में नियुक्त किया गया है. इस नियुक्ति की जानकारी डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग द्वारा जारी की गई है. निधि तिवारी पहले भी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थीं. उन्हें 29 मार्च को पीएम मोदी की प्राइवेट सेक्रेटरी के रूप में नियुक्त करने का आदेश दिया गया था.
आदेश में उल्लेख किया गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने आईएफएस अधिकारी निधि तिवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निजी सचिव के रूप में नियुक्त करने की स्वीकृति दी है. निधि तिवारी वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं, जहां उन्हें 2022 में नियुक्त किया गया था. इससे पूर्व, उन्होंने विदेश मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों से संबंधित कार्य किया था.

निधि तिवारी की भूमिका निजी सचिव के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण होगी. वह प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रमों का समन्वयन, बैठकों का आयोजन और सरकारी विभागों के साथ संवाद का कार्य संभालेंगी. आदेश के अनुसार, निधि तिवारी का वेतन पे मैट्रिक्स स्तर 12 के अनुसार निर्धारित किया जाएगा.
कितना होगा वेतन?
रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत अधिकारियों का वेतन पे मैट्रिक्स स्तर 14 के अनुसार निर्धारित किया जाता है. इस स्तर पर मासिक वेतन 1,44,200 रुपये होता है. इसके अतिरिक्त, महंगाई भत्ता (DA), आवास भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA) और अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाते हैं.
यहां रहीं तैनात
आईएफएस निधि तिवारी को नवंबर 2022 में प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव के रूप में नियुक्त किया गया. इससे पूर्व, वे विदेश मंत्रालय में निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के विभाग में अधीनस्थ सचिव के रूप में कार्यरत थीं.
पीएमओ में पहले भी कई महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण भूमिकाएँ सौंपी गई हैं. निधि तिवारी को प्रधानमंत्री की निजी सचिव के रूप में पदोन्नति देना महिला सशक्तीकरण का एक स्पष्ट संकेत है. इसके साथ ही, वह प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की निवासी हैं। निधि तिवारी के उत्कृष्ट कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह प्रमोशन दिया गया है.



