अबूझमाड़ में शुरू हुआ ऐसा अभियान, जिसे चूकना बच्चों के भविष्य पर पड़ सकता है भारी! मंत्री ने खुद पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत के साथ मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अभिभावकों से की अपील, कहा- पांच साल तक का कोई भी बच्चा खुराक से न छूटे

रायपुर, 28 जून 2026। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत देशभर में शुरू हुए विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में भी उत्साह के साथ हुई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और सभी अभिभावकों से अपने जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत ने पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है, लेकिन इस उपलब्धि को कायम रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का मजबूत आधार है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और अभियान से जुड़े सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्र में भी अभियान का प्रभावी संचालन सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा और समग्र विकास को लेकर लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक बच्चे को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित पल्स पोलियो बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए।

