छत्तीसगढ़

Jashpur Chess Championship: शह-मात की जंग में बंगाल का खिलाड़ी बना बाजीगर! 12 राज्यों के 164 खिलाड़ियों को पछाड़ कौस्तुव कुंडू ने जीता खिताब

छत्तीसगढ़ के यशद बम्बेश्वर दूसरे और महाराष्ट्र के केदार ओंकार तीसरे स्थान पर, चार दिन तक चली अखिल भारतीय FIDE रेटेड प्रतियोगिता में दिखा जबरदस्त दमखम

रायपुर, 2 सितंबर 2026। जशपुर में पहली बार आयोजित ‘चेकमेट एट जशपुर अखिल भारतीय ओपन FIDE रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का रोमांचक समापन हो गया। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों के बीच शह और मात की जोरदार जंग देखने को मिली। आखिरकार पश्चिम बंगाल के कौस्तुव कुंडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के यशद बम्बेश्वर ने दूसरा और महाराष्ट्र के केदार ओंकार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

12 राज्यों से पहुंचे 164 खिलाड़ी

पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में 29 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों से 164 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग मुकाबलों में खिलाड़ियों की एक-एक चाल ने रोमांच बढ़ाया और दर्शकों को अंत तक मुकाबले से जोड़े रखा।

इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन, खेल विभाग और जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि से किया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक रायमुनी भगत सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न आयु वर्ग और श्रेणियों में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

विधायक रायमुनी भगत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, खेल विभाग और शतरंज संघ को बधाई दी तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘शतरंज सिर्फ खेल नहीं, जीवन की सीख है’

रायमुनी भगत ने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं है, बल्कि यह संयम, एकाग्रता, अनुशासन और बुद्धिकौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना भी बुद्धिकौशल, अनुशासन और संयम के साथ करना पड़ता है। शतरंज की हर चाल व्यक्ति को सोच-समझकर निर्णय लेने और समय की कद्र करने की सीख देती है।

अलग-अलग वर्गों में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं श्रेणियों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे—

  • सीनियर सिटीजन: जवाहरलाल गुप्ता प्रथम, सेनगुप्ता दीपांकर द्वितीय
  • सरगुजा डिवीजन महिला: सिन्हा कशिश प्रथम, श्वेता रानी द्वितीय
  • सरगुजा डिवीजन पुरुष: रुद्राक्ष सिंह प्रथम, यशवंत सिंह द्वितीय
  • जशपुर महिला: हेमलता प्रजापति प्रथम, प्रेमलता साहू द्वितीय
  • जशपुर पुरुष: एलान लकड़ा प्रथम, श्याम सिंह द्वितीय
  • 30 वर्ष से अधिक महिला: आरती पावले प्रथम, लक्ष्मी शुक्ला द्वितीय
  • अंडर-15: ईशान सैनी प्रथम, गर्व केरकेट्टा द्वितीय
  • अंडर-13: शिल्प कुमार घोड़ेश्वर प्रथम, विराट यादव द्वितीय
  • अंडर-11: वी. विराट अय्यर प्रथम, कुशाग्र दीक्षित द्वितीय
  • अंडर-09: आद्विक भूषण प्रथम, हृदान मावलंकर द्वितीय

महिला वर्ग में भी दिखा जबरदस्त दमखम

महिला खिलाड़ियों की अलग-अलग श्रेणियों में भी मुकाबले शानदार रहे। एफ-15$ वर्ग में प्राची यादव ने पहला और भगत कोमल ने दूसरा स्थान हासिल किया। एफ-15 वर्ग में अभिश्री वत्स प्रथम रहीं।

वहीं एफ-13 वर्ग में नैना भगत, एफ-11 वर्ग में सावी गौरी प्रथम और अनिका रेड्डी गोलुगुरी द्वितीय रहीं। एफ-09 वर्ग में परीक्षिता दुबे ने पहला और श्रीनिका रेड्डी गोलुगुरी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

जशपुर में शतरंज को मिली नई पहचान

अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से जशपुर में शतरंज खेल को नई पहचान मिली है। स्थानीय खिलाड़ियों को देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ सीधे मुकाबले का मौका मिला।

प्रतियोगिता ने न सिर्फ युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास सहित खिलाड़ी, शतरंज प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button