छत्तीसगढ़

लिफ्ट मांगने निकला था युवक, विवाद में स्कूटी सवार ने जांघ में घोंपा चाकू… इलाज के दौरान मौत

भिलाई के नेहरू नगर चौक पर शनिवार रात हुआ विवाद; दो युवक और एक युवती स्कूटी पर थे सवार, वारदात के बाद आरोपी फरार, CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लिफ्ट लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गया और एक युवक की जान चली गई। शनिवार रात नेहरू नगर चौक पर स्कूटी सवार युवकों से विवाद के बाद एक युवक को चाकू मार दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ट्रक नहीं रुका तो स्कूटी सवारों को रोकने की कोशिश

मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था।

रात में शिव ने चौक पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवारों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बहस के बीच जांघ में घोंपा चाकू

बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। बहस के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने कथित तौर पर शिव की बाईं जांघ में चाकू मार दिया।

चाकू लगते ही शिव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी सवार अंडरब्रिज की तरफ से टाउनशिप की ओर फरार हो गए।

अस्पताल में नहीं बच सकी जान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव को तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

वहां इलाज के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

CCTV से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि स्कूटी सवार आरोपियों की पहचान जल्द की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button