छत्तीसगढ़

आपकी चाय और डिटर्जेंट में घुल रहा था धोखा, बिलासपुर के गोदामों से निकला नकली सामान का खौफनाक खेल

नामी ब्रांड के नाम पर बेचा जा रहा था फर्जी माल, छापेमारी में हजारों पैकेट बरामद, बड़ा नेटवर्क बेनकाब


बिलासपुर। अगर आप रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चाय या डिटर्जेंट को लेकर निश्चिंत हैं, तो यह खबर आपको चौंका सकती है। बिलासपुर के मालधक्का क्षेत्र में नकली उत्पादों का ऐसा खेल पकड़ा गया है, जिसने आम उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां नामी ब्रांड के नाम पर नकली सामान तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था।

मामला तब सामने आया जब बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने पुलिस के साथ मिलकर महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के बाद की गई, जिसमें कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट प्रोडक्ट बेचने की बात कही गई थी।

छापेमारी के दौरान गोदामों से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए गए। इनमें सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम वाले 5280 पैकेट शामिल हैं, जिनमें से 4800 पैकेट बैग में और 480 अलग से रखे गए थे। इसके अलावा रेड लेबल चाय के 1 किलो वाले 80 पैकेट भी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि इन उत्पादों को नामी ब्रांड के रैपर में पैक कर असली बताकर बेचा जा रहा था।

यह कार्रवाई व्यापार विहार स्थित जोन-2 की दुकान नंबर 17 और भगत सिंह कॉम्प्लेक्स जोन-1 के गोदामों में की गई। इस दौरान महादेव जनरल स्टोर्स के संचालक रवि मंगलानी मौके पर मौजूद थे। जब्त किए गए सभी उत्पादों को सील कर कंपनी के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 24 नवंबर 2025 से 17 मार्च 2026 के बीच जारी अलग-अलग अदालत के आदेशों के पालन में की गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 8 मई को बॉम्बे हाईकोर्ट में होगी।

सूत्रों के अनुसार, व्यापार विहार क्षेत्र में नकली उत्पादों का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जहां से थोक व्यापारियों को भारी मात्रा में डुप्लीकेट सामान सप्लाई किया जा रहा था। इसके बाद यही सामान आम लोगों तक असली के नाम पर पहुंच रहा था।

इस खुलासे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कहीं आपके घर में भी ऐसा नकली सामान तो नहीं पहुंच चुका है, जो दिखने में असली है लेकिन असल में एक बड़ा धोखा।

 

Related Articles

Back to top button