CG News: करोड़ रुपये लूटने की फिराक में थे 19 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने साइबर सेल और विभिन्न थानों के 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की गठित की थीं पांच विशेष टीम

कोरबा। कोरबा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बालको क्षेत्र में एक करोड़ रुपये की डकैती की साजिश रच रहे 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर डकैती की बड़ी योजना को नाकाम कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर, बालको क्षेत्र की एक संदिग्ध घटना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस ने साइबर सेल और विभिन्न थानों के 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की पांच विशेष टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, मैदानी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी चन्दकांत डिसेना ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम तरईडाँड़ निवासी शत्रुघन दास के घर पर लगभग एक करोड़ रुपये की राशि होने की जानकारी मिलने के बाद डकैती की योजना बनाई थी। साहेब दास और नरसिंह दास ने पीड़ित परिवार और संपत्ति की पूरी जानकारी आरोपियों को उपलब्ध कराई थी।
आरोपी 06 नवंबर और 11 नवंबर 2025 को अलग-अलग वाहनों से रात में घटना स्थल पहुँचे और रैकी भी की। हालांकि, ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस गश्त की आशंका के कारण वे घटना को अंजाम दिए बिना लौट गए।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी चन्दकांत डिसेना, साहेब दास, नरसिंह दास सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310, 61 और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। कोरबा पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

