CG- स्वतंत्रता दिवस पर इस बार महिला पुलिस बल का बैगपाइपर बैण्ड रहेगा आकर्षण का केन्द्र, 27 पुलिस अधिकारियों को पदक, स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां सहित होंगे ये कार्यक्रम…

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस का गरिमामय समारोह होगा। 15 अगस्त को सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इस वर्ष समारोह में छत्तीसगढ़ महिला पुलिस बल का बैगपाइपर बैण्ड दस्ता आकर्षण का मुख्य केन्द्र होगा। इस महिला दल द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज सुबह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा की मौजूदगी में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे और एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने समारोह के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आज की फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी भी ली। इस दौरान हर्ष फायर भी किए गए।


